चतरा,: नमामी गंगे योजना के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए शुक्रवार को समाहरणालय चतरा में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शपथ ग्रहण और हस्ताक्षर अभियान का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के सभी कार्यालयों के प्रधान, अधिकारी और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त कीर्तिश्री ने स्वच्छता की शपथ दिलाकर की। उन्होंने कही कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि घर, कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की आदत से ही “स्वच्छ भारत” का सपना साकार होगा। उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों से स्वयं आदर्श प्रस्तुत करने और आमजन को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविन्द कुमार सहित जिला स्तर के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता से न केवल स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि यह समाज में सकारात्मकता और अनुशासन की संस्कृति को भी बढ़ावा देता है। अभियान की सफलता के लिए सामूहिक सहयोग, जन-जागरूकता और व्यक्तिगत जिम्मेदारी को अहम बताया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि “स्वच्छता ही सेवा” के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।
