रांची: जिले के माण्डर प्रखंड में आज माण्डर आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र तथा माण्डर आजीविका महिला संकुल संगठन के कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री, झारखंड सरकार, दीपिका पाण्डेय सिंह ने किया।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और अधिकार-संपन्न बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने से ही ग्रामीण विकास को स्थायी मजबूती मिलेगी।
OSF परियोजना के अंतर्गत सखी मंडल से जुड़ी 115 महिला उद्यमियों को कुल ₹59,72,000 की सामुदायिक उद्यम कोष (CEF) राशि प्रदान की गई। साथ ही लाभुकों के बीच आजीविका से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि यह सहायता महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान जेंडर शपथ दिलाकर सामाजिक समानता, आपसी सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। मंत्री ने कहा कि न्याय सलाह केंद्र और एकल सुविधा केंद्र ग्रामीण महिलाओं को न्याय, आजीविका तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं तक सरल, सुलभ और एकीकृत पहुंच उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेंगे।
इस मौके पर झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला केंद्रित योजनाएं राज्य के समग्र ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और ऐसे प्रयासों से गांवों में आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और सकारात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ।
