Home » News Update » नगर निकाय चुनाव में चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद एसएसपी महोदय का सुरक्षा संदेश

नगर निकाय चुनाव में चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद एसएसपी महोदय का सुरक्षा संदेश

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी निगरानी, हेट स्पीच और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

भड़काऊ पोस्ट डाली तो सीधे दर्ज होगा मुकदमा, ग्रुप एडमिन भी होंगे जिम्मेदार

मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील, कंट्रोल रूम को दे किसी भी तरह की शिकायत अथवा सूचना

धनबाद: नगर निकाय चुनाव के तहत सभी प्रत्याशियों को आधिकारिक रूप से चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं। चुनाव चिन्ह मिलते ही अब प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार औपचारिक रूप से तेज़ हो गया है। इस बीच धनबाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने सभी प्रत्याशियों के नाम विशेष सुरक्षा संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसएसपी ने अपने संदेश में प्रत्याशियों से अपील की है कि वे चुनाव आचार संहिता का पूरी तरह पालन करें और किसी भी प्रकार के उकसावे, भड़काऊ भाषण, अफवाह या साम्प्रदायिक टिप्पणी न करें।

सभी प्रत्याशियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे चुनावी सभा, जुलूस या रोड शो आयोजित करने से पहले प्रशासन से विधिवत अनुमति अवश्य लें। निर्धारित रूट और समय का पालन करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति जुलूस निकालने या नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी तेज कर दिया है। एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया है कि फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) समेत सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष टीमों द्वारा 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने, फर्जी वीडियो या एडिटेड फोटो प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

एसएसपी ने सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को विशेष रूप से आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें। किसी भी विरोधी प्रत्याशी के खिलाफ आपत्तिजनक, झूठी या चरित्र हनन करने वाली सामग्री पोस्ट या फॉरवर्ड करने से बचें। चुनाव प्रचार के नाम पर समाज में नफरत फैलाने की कोशिश बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया पेज के एडमिन की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। यदि किसी ग्रुप में आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री प्रसारित होती है और एडमिन उसे तत्काल रोकने या हटाने की कार्रवाई नहीं करता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।

एसएसपी प्रभात कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर को शेयर न करें। यदि कोई संदिग्ध पोस्ट, वीडियो या मैसेज मिलता है तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8210840901 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

धनबाद पुलिस ने दोहराया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहें कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं, इसलिए ऑनलाइन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर ली गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल, सशस्त्र बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्ती बढ़ा दी गई है।

प्रत्याशियों और वोटरों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी प्रकार की धमकी, दबाव, लालच, अवैध वसूली या चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही शांतिपूर्ण चुनाव की सबसे बड़ी गारंटी है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने भरोसा दिलाया है कि पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस रहेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मोहम्मद कलीम अंसारी की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

क्या आप \"Live 11 News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal