कथारा (बोकारो): कथारा ओपी का आज बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह द्वारा वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, महिला एवं कमजोर वर्ग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के क्रम में पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली से ही जनता का विश्वास पुलिस पर मजबूत होगा।
इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो बीएन सिंह, पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार, कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति, के सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
