भुरकुंडा: रामगढ़ भुरकुंडा क्षेत्र में छाई की ट्रांसपोर्टिंग करने वाले हाइवा वाहनों द्वारा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारतीय नौजवान सेना के अध्यक्ष विश्वरंजन सिन्हा ने पतरातू के अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया को मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मांग पत्र में कहा गया है कि भुरकुंडा, रिवर साइड और बुध बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन दर्जनों हाइवा वाहनों से छाई की ढुलाई की जा रही है। इन वाहनों में ओवरलोडिंग की जा रही है और छाई को त्रिपाल से ढंका भी नहीं जाता, जिससे क्षेत्र में धूलकण फैल रहा है और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा, वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
भारतीय नौजवान सेना ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन द्वारा छाई लदे हाइवा वाहनों की ट्रांसपोर्टिंग ठप कर दी जाएगी।
इस मामले में पत्र की प्रतिलिपि भुरकुंडा ओपी प्रभारी को भी भेजी गई है।
रिपोर्ट अभिषेक मिश्रा
