गिरिडीह: आगामी ईद, सरहुल, रामनवमी एवं चैती नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में सभी बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारियों से थाना एवं अंचल स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, यातायात को सुचारू रखना और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता और समन्वय से ही शांति व्यवस्था कायम रह सकती है। साथ ही शांति समिति, प्रबुद्धजनों और समाजसेवियों की भूमिका को अहम बताया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडलों में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे। जुलूसों में जनरेटर एवं लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा ड्रोन से निगरानी की जाएगी। जुलूस के रूट में कोई बदलाव नहीं होगा और सभी व्यवस्थाएं नियमानुसार की जाएंगी। अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखते हुए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड वाहनों की तैनाती भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, पेयजल और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी करने को कहा गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है और सभी स्थानों पर उनकी तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों और ऊंची इमारतों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अराजकता या अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी से अपील की गई कि वे संयम और अनुशासन के साथ आपसी भाईचारे के माहौल में त्योहार मनाएं।
