कोडरमा : आपकी विकास पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा ने कोडरमा के छतरबर स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखराजपुर में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को रस्सी से बांधकर शहर में घुमाना अमानवीय और असंवैधानिक है। उन्होंने बताया कि इस परेड में उलेमा भी शामिल थे, जो पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि संविधान इस प्रकार की कार्रवाई की अनुमति नहीं देता।
मुस्तफा ने झारखंड के डीजीपी से मांग की कि इस मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे-टेट) से मगही, भोजपुरी और उर्दू भाषाओं को हटाए जाने के फैसले पर भी कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इसे झारखंड की भाषाई अस्मिता पर सीधा प्रहार बताया।
सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और राज्य में शैक्षणिक अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब राज्य बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, तब भाषा के नाम पर समाज को बांटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि जे-टेट में मगही, भोजपुरी और उर्दू भाषाओं को तत्काल प्रभाव से शामिल किया जाए।
