बोकारो: जिला प्रशासन की संवेदनशीलता उस वक्त देखने को मिली जब उपायुक्त (DC) श्री अजय नाथ झा प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होते ही सीधे बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचे। वहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल बच्चों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
वार्ड में जाकर बच्चों को बंधाया ढांढस
अस्पताल पहुंचते ही उपायुक्त सीधे जनरल वार्ड में गए। उन्होंने एक-एक कर सभी घायल बच्चों से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। उपायुक्त ने बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में पूरी तरह उनके साथ खड़ा है।
इलाज में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश
मौके पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से उपायुक्त ने बच्चों के उपचार की विस्तृत रिपोर्ट ली। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि:
सभी घायलों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इलाज के लिए आवश्यक सभी संसाधन प्रशासन द्वारा तुरंत मुहैया कराए जाएंगे।
DDC ने भी जाना मरीजों का हाल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त (DDC) श्रीमती शताब्दी मजूमदार भी मौजूद रहीं। दोनों अधिकारियों ने वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों से भी संवाद किया और अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं।
ब्यूरो रिपोर्ट, लाइव 11 न्यूज़
