बेरमो /डीवीसी कोनार परियोजना के प्रधान राणा रणजीत सिंह ने डीवीसी उच्च विद्यालय कोनार में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्रेरक सत्र का आयोजन किया। विद्यालय के सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ सत्र को सुना। अपने संबोधन में कोनार परियोजना प्रधान राणा सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र—चाहे वह शिक्षा, खेल, संगीत या तकनीकी हो—में सफलता हासिल करने के लिए नियमितता, मेहनत और अनुशासन जरूरी है। 
उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास से भरने के उद्देश्य से “आई ऍम चैंपियन ” का संदेश दिया और उन्हें अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, हर विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता होती है, जिसे सही दिशा और सकारात्मक सोच के जरिए विकसित किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से सत्र को सुना और प्रेरणादायक विचारों से खुद को जोड़ने का प्रयास किया। यह कार्यक्रम छात्रों के लिए उपयोगी और प्रेरक साबित हुआ, जिसने उन्हें अपने लक्ष्यों के प्रति और अधिक जागरूक बनाया।
बेरमो संवाददाता राजेश सागर की रिपोर्ट,
