तेनुघाट —- जल संसाधन विभाग द्वारा तेनुघाट बांध की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण के लिए DSRP 2021 की अनुशंसा पर आधारित कार्यों की शुरुआत हो गई है। रविवार को झाड़ी कटिंग, बोल्डर पिचिंग, नाली सफाई, ग्रास पिचिंग और सौंदर्यकरण कार्यों का विधिवत शिलान्यास राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने किया।
तेनुघाट बांध के सुरक्षा मापदंडों को पूरा करने के लिए विभिन्न कार्यों का शुभ शिलान्यास किया। मौके पर माननीय मंत्री जी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डैम के सम्पूर्ण विकास के हमारे लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में सुरक्षा मापदंडों को स्थापित करने के लिए किया गया यह शिलान्यास ऐतिहासिक है। जो 793.22 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न कार्यों के पूर्ण हो जाने के बाद तेनुघाट डैम को एक नई पहचान मिलेगी जिससे जलापूर्ति के साथ साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। शिलान्यास करने के बाद मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि तेनुघाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि तेनुघाट और आसपास के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब साकार होने जा रही है। उन्होंने कहा कि तेनुघाट डैम को पर्यटन के रूप विकसित करने के लिए 55 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल रही है। बहुत जल्द काम शुरु होगा। मंत्री ने कहा कि आगे अन्य विभागों से भी काम किये जायेंगे, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान प्राप्त करेगा। आगे बताया कि तेनुघाट में बिजली की समस्या का समाधान अतिशीघ्र हो जाएगा।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित थे, जिनमें तेनुघाट पंचायत मुखिया नीलम श्रीवास्तव, पंसस अजीत कुमार पांडेय, राजन नायक, अख्तर अंसारी, रामचंद्र यादव, मुकेश कुमार, बबलू, सुजात, बसंत, पंकज नायक आदि शामिल थे। स्थानीय लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया।
