चतरा: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पकरिया वन सुरक्षित क्षेत्र में वन विभाग के कर्मियों के साथ मारपीट और हथकड़ी छुड़ाने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 21 जुलाई 2025 की है, जब वन विभाग द्वारा पकरिया वन क्षेत्र में पौधारोपण और ट्रेंच घेरने का कार्य किया जा रहा था। इस दौरान महेश बांडू के नेतृत्व में कुछ स्थानीय लोगों ने कार्य में बाधा डाली और विरोध किया। वन विभाग ने महेश बांडू को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के लिए ले जा रहा था, तभी अन्य लोगों ने जबरदस्ती हथकड़ी के साथ उसे छुड़ा लिया और वन कर्मियों के साथ मारपीट की। इस घटना के आधार पर चतरा सदर थाना में कांड संख्या 249/25 दर्ज की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी अभियान चलाया, जिसमें महेश बांडू और ईथलेश भुइया को गिरफ्तार किया गया। छापामारी के दौरान एक जोड़ी हथकड़ी भी बरामद की गई। छापामारी टीम में थाना प्रभारी विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रवेश कुमार राम और थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए सघन छापामारी जारी है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980