बेरमो: डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में आज़ादी का 79वाँ अमृत महोत्सव धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संजय कुमार थे l विद्यालय की छात्राओं ने भारतीय परंपरा का निर्वहन करते हुए तिलक लगाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। महाप्रबंधक महोदय ने सर्वप्रथम परेड का निरीक्षण किया तत्पश्चात ध्वजारोहण कर आजादी के इस अमृत महोत्सव के साक्षी बने।
विद्यालय के चारों सदनों दयानंद, अरविंदो, विवेकानंद और श्रद्धानंद ने परेड कर झंडे को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय के कनीय शाखा के नन्हे-मुन्हों के नृत्य ने तो सबका मन मोह लिया। झारखंड एवं उड़ीसा के लोक नृत्य ने भी दर्शकों की वाहवाही बटोरी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नृत्य नाटिका ने सभी दर्शकों को देशभक्ति की भावना से लबरेज कर दिया और सब में एक नया उत्साह भर दियाlमहाप्रबंधक महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि यह आज़ादी हमारे असंख्य शहीदों की देन है। हमें इसकी रक्षा करनी होगी साथ ही साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। महाप्रबंधक महोदय ने विद्यालय की उन्नति के लिए प्राचार्य को भी साधुवाद दिया। समारोह में कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक के अतिरिक्त कई अन्य अतिथियों ने भी शिरकत की, जिनमें सी.एस.आर. प्रबंधक चंदन कुमार, कथारा ओ.पी. प्रभारी राजेश प्रजापति, क्षेत्र के समाजसेवी मोहम्मद फारूक, विनय कुमार सिंह, उगन गोप आदि प्रमुख थे। सभी सम्मानित अतिथियों को विद्यालय प्रबंधन ने शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। विद्यालय के सीसीए विभाग ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। समस्त विद्यालय परिवार इस अवसर पर उपस्थित था और सब ने अपने-अपने सहयोग से इस समारोह को अविस्मरणीय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
