अब तक 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी गई
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत अब तक 1 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है।
नीतीश ने पटना में 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम में 25 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 2,500 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 सितंबर को योजना की शुरुआत के मौके पर 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये अंतरित किए थे।
नीतीश ने कहा, अब तक कुल 1 करोड़ महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। आने वाले दिनों में बाकी लाभार्थियों को भी इसी तरह की सहायता दी जाएगी। राशि अंतरित करने के लिए अगली तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का उद्देश्य हर परिवार की कम से कम एक महिला को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण और सरकारी योजनाओं में हिस्सेदारी बढ़ाकर बिहार सरकार ने हमेशा उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने याद दिलाया कि राज्य में पंचायतों और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण और पुलिस एवं सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था पहले ही लागू की जा चुकी है।
कार्यक्रम में नीतीश के साथ ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी मौजूद थीं। इस मौके पर ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
