रमजान के पाक मौके पर होमलैंड अकैडमी स्कूल पालोजोरी
देवघर जिले के पालोजोरी होमलैंड अकैडमी स्कूल से रमजान उल मुबारक के पवित्र अवसर पर विधालय आवासीय परिसर में भव्य दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस मौके पर आसपास के गांवों सहित पूरे इलाके से बड़ी संख्या में रोजेदारों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से रोजा खोला और देश तथा समाज में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इफ्तार पार्टी में शामिल लोगों ने रमजान के इस पाक महीने की अहमियत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना इंसानियत, सब्र, भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश देता है। रोजेदारों ने बताया कि रमजान का महीना आत्मशुद्धि और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसमें लोग जरूरतमंदों की मदद करने और एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर रहने का संदेश देते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल ने मेजबान के सभी अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि रमजान का महीना लोगों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में एकता और भाईचारा मजबूत होता है तथा सभी धर्म और समुदाय के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार करते हैं, जो गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है। इफ्तार के दौरान खजूर, फल, शरबत और विभिन्न प्रकार के पकवानों की व्यवस्था की गई थी। रोजेदारों ने अजान के बाद सामूहिक रूप से रोजा खोला और अल्लाह से देश में शांति, तरक्की और खुशहाली की दुआ की। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने होमलैंड एकेडमी स्कूल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को और मजबूत बनाते हैं। इफ्तार कार्यक्रम में इलाके के कई गणमान्य लोग, समाजसेवी, स्थानीय बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में रोजेदार मौजूद रहे। सभी ने मिलकर रमजान के इस पवित्र महीने की बरकतों के लिए दुआ मांगी और समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
देवघर से याकूब अंसारी की रिपोर्ट,
