औरंगाबाद: जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत टंडवा थाना क्षेत्र के मोहरी ईटवा गांव में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के एक युवक ने पांच वर्षीय मासूम बच्चे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार मोहरी ईटवा गांव निवासी प्रमोद सिंह चंद्रवंशी का पांच वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ कुमार 29 जून की मध्य रात्रि के बाद अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद 30 जून की सुबह टंडवा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने मोहरी ईटवा गांव निवासी 20 वर्षीय धनसेवक कुमार, पिता जनेश्वर राम को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे की हत्या करने के बाद शव को घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ी में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ी से मासूम सिद्धार्थ कुमार का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की बहन और आरोपी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी संबंध को लेकर उत्पन्न विवाद में आरोपी ने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण एसडीपीओ, अंचल पुलिस निरीक्षक, टंडवा थाना पुलिस, एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वायड की मौजूदगी में किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं। घटना के बाद पूरे मोहरी ईटवा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। टंडवा थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
