सेरनदाग उत्क्रमित उच्च विद्यालय में धूमधाम से हुआ स्वागत; बच्चों ने बजाईं तालियां
कामेश्वर गुप्ता
टंडवा (चतरा) प्रखंड क्षेत्र के ग्राम सेरनदाग निवासी शिक्षक बजरंगी प्रसाद साहू ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय सेरनदाग में पदस्थापन होने पर अपना योगदान दिया। योगदान से पूर्व विद्यालय परिवार द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षक धर्मनाथ महतो ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि जिस विद्यालय में इन्होंने प्राथमिक शिक्षा पूरी की, आज उसी विद्यालय में शिक्षक बनकर सेवा दे रहे हैं। यह सौभाग्य की बात है।
शिक्षक बजरंगी प्रसाद साहू ने बताया कि उन्होंने सन् 1998 से ही अपने गांव में शिक्षा की अलख जगाने का प्रयास शुरू किया था। सन 2003 में इसी विद्यालय में पारा शिक्षक के रूप में सेवा दी। 2016 में सहायक शिक्षक चयनित होने के बाद गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय माथाडीह में लगभग 9 वर्ष एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बचरा में लगभग 2 वर्ष सेवा दी। समारोह में विद्यालय परिवार ने माला पहनाकर, स्वागत गीत गाकर उनका स्वागत किया। सैकड़ों छात्र-छात्राएं तालियां बजाकर इस अवसर के साक्षी बने।कार्यक्रम में विद्यालय प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास पांडे, शिक्षक आशीष रजक, राजेश कुमार, कृष्णा साहू, ॐ प्रकाश गुप्ता, शिक्षिका बिना कुमारी, सरिता कुमारी, पूनम कुमारी, लेखापाल हाशिम, प्रबंधन समिति अध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व अध्यक्ष त्रिवेणी साहु, संयोजिका सुषमा देवी, समाजसेवी मनोज कुमार साहु, मुकेश वर्मा, बेबी देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
