सफलता के लिए बड़े संसाधनों की नहीं, ईमानदारी और कड़े अनुशासन की जरूरत — बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार
विधालय प्रबंधन के ओर से बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार जी का भव्य स्वागत किया गया।
फुसरो: कार्मेल उच्च विद्यालय बोकारो थर्मल के परिसर में शनिवार को अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी बेरमो मुकेश कुमार जी उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभ उद्घाटन किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने और करियर को संवारने के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। समारोह में छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए बीडीओ बेरमो मुकेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए समय पर अपने लक्ष्य का निर्धारण कर लेना चाहिए। जब तक लक्ष्य स्पष्ट नहीं होगा, तब तक सही दिशा में आगे बढ़ना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को दूसरों के अच्छे कार्यों और उनकी सफलता से निरंतर प्रेरणा लेनी चाहिए। बीडीओ बेरमो कुमार ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ईमानदारी से की गई कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर किसी भी बड़े से बड़े मुकाम को हासिल किया जा सकता है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए किसी बड़े या महंगे संसाधनों की अनिवार्यता नहीं होती है। यदि विद्यार्थी के पास अपने शिक्षकों का सही मार्गदर्शन और अभिभावकों का संबल हो, तो वे विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता के शिखर पर पहुंच सकते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को अनुशासित रहकर पढ़ाई करने की सीख दी। इस गरिमामयी प्रोत्साहन समारोह में कार्मेल उच्च विद्यालय बोकारो थर्मल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
शंकर प्रसाद की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
