औरंगाबाद: जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत बड़ेम थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना क्षेत्र के बड़ेम मुख्य पथ से एक कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब एवं बीयर बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज निवासी अनिल कुमार तथा विक्की कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ेम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से अवैध शराब की बड़ी खेप क्षेत्र से होकर गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ेम मुख्य पथ पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के क्रम में कार से 224.55 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 69 लीटर बीयर बरामद की गई। पुलिस ने मौके से शराब से लदी कार को जब्त कर लिया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 293.55 लीटर बताई जा रही है। मामले में गिरफ्तार दोनों तस्करों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी अभियान में ए एसआई पुनीत कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। बड़ेम थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार चौधरी ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा इस अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
