Home » News Update » सरकार आपके द्वार: पीपरा पंचायत के सहयोग शिविर में ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, कई योजनाओं का मिला लाभ

सरकार आपके द्वार: पीपरा पंचायत के सहयोग शिविर में ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, कई योजनाओं का मिला लाभ

औरंगाबाद: जिला के नवीनगर प्रखंड के पीपरा पंचायत स्थित +2 उच्च विद्यालय सत्येंद्र नारायण सिंह परिसर में सोमवार को भव्य सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बिहार गीत के सामूहिक गायन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। शिविर को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सहयोग शिविर केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास, संवाद और त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सम्मानजनक तरीके से पहुंचे। इसी उद्देश्य से जिले की सभी पंचायतों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डीएम ने बताया कि शिविर में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, बिजली, पेयजल, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों एवं आवेदनों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। सामान्य मामलों के समाधान के लिए 30 दिन तथा अधिकांश मामलों के लिए 15 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने जानकारी दी कि पीपरा पंचायत से कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 53 का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ई-श्रम कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड बनाए और वितरित किए गए। जिला पदाधिकारी ने प्रेम कुमार सोनी को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल का वितरण भी किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष शिविर में टीबी स्क्रीनिंग, दवा वितरण, रक्तचाप एवं शुगर जांच, नेत्र जांच, आयुष्मान कार्ड और यूडीआईडी कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। डीएम ने लोगों से टीबी की समय पर जांच कराने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए शिविर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। लोगों को ओटीपी, बैंक खाता एवं एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के दौरान वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद सोनी ने नवीनगर रोड स्थित मूलकी पईन की सफाई की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी को आवेदन सौंपा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शिविर के समापन पर जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। इस अवसर पर प्रखंड उप प्रमुख लव सिंह, पीपरा पंचायत की मुखिया प्रमिला देवी, संजीव सिंह, पिंटू सिंह, रमेश सिंह (मझिआंवा), प्रेम कुमार सोनी, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि सुरेश प्रसाद सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

अविनाश कुमार की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal