नवीनगर (औरंगाबाद): नवीनगर प्रखंड के एनटीपीसी खैरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तस्करों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नवीनगर थाना क्षेत्र के तेतरिया मोड़ निवासी लवकुश कुमार एवं महुअरी गांव निवासी सूरज चौहान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से 300 एमएल की 100 बोतल टनाका देशी शराब, दो मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी शंभू राम एवं कृष्णा राम को भी गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 12 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष परमजीत कुमार मंडल ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट ,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
