चतरा: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यालयों की प्रगति और योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रखंडवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान ओवरऑल रैंकिंग में खराब प्रदर्शन करने पर हंटरगंज और लावालौंग के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही हंटरगंज के बीपीओ संदीप कुमार, प्रतापपुर के बीपीओ अजय कुमार दास और चतरा के बीपीओ से शो-कॉज पूछते हुए नियमसंगत कार्रवाई शुरू करने का आदेश जारी हुआ।
उपायुक्त ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में चतरा जिले को राज्य के टॉप-5 में शामिल कराने का बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके लिए सभी उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अभी से रिमेडियल क्लास, स्व-अध्ययन और नियमित मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
छात्राओं के स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर कस्तूरबा गांधी व झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अब भोजन परोसने से पहले संबंधित शिक्षक खुद खाना चखकर उसकी जांच करेंगे। इसके अलावा विद्यालयों में सेफ्टी एड किट की दवाओं की एक्सपायरी डेट, पेयजल जांच, शौचालय और रसोईघर की सफाई पर नियमित ध्यान देने को कहा गया है।
बैठक में पीएम श्री विद्यालयों के लंबित डाटा को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने, स्टूडेंट प्रोग्रेशन में तेजी लाने और आवश्यकता से अधिक पाए गए संकुल साधनसेवियों के युक्तिकरण का निर्देश भी दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शैक्षणिक कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार समेत कई अन्य अधिकारी और वार्डेन उपस्थित थे।
