Home » News Update » छात्रों से मारपीट मामले ने लिया राजनीतिक रंग, भाजपा ने खोला मोर्चा

छात्रों से मारपीट मामले ने लिया राजनीतिक रंग, भाजपा ने खोला मोर्चा

बाबूलाल मरांडी बोले- हेमंत सरकार ने की लोकतंत्र की हत्या

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने पहुंचे छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच हुई मारपीट का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। भाजपा ने इस घटना को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को गिरिडीह परिसदन भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना को लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और नौजवानों की आवाज दबाने के लिए गुंडागर्दी का सहारा ले रही है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हजारीबाग, रांची और गिरिडीह में छात्रों को डंडे लेकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो में मारपीट में शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट दिखाई दे रही है। ऐसे लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि गिरिडीह की घटना पूरी तरह सुनियोजित थी। बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि झामुमो कार्यकर्ता इमरान अजीज खान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से कार्यकर्ताओं को शुक्रवार शाम चार बजे तक पार्टी कार्यालय पहुंचने का संदेश दिया था। उन्होंने इस संदेश की जांच कराने की मांग की।

भाजपा नेता ने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की जितनी कोशिश करेगी, आंदोलन उतना ही उग्र होगा। भाजपा सड़क से लेकर सदन तक छात्रों के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का काम राज्य में अमन-चैन कायम करना है, लेकिन अगर डंडे के बल पर शांति स्थापित करने की कोशिश की गई तो इसकी कीमत सरकार को चुकानी पड़ेगी।

बाबूलाल मरांडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि छात्रों और नौजवानों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। जब छात्र सड़क पर उतरेंगे, तब सरकार को भागने की जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने सरकार से दमन की नीति छोड़कर छात्रों की मांगों और उनकी आवाज को गंभीरता से सुनने की अपील की।

प्रेस वार्ता में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, दिलीप वर्मा, महादेव दुबे, मुनिया देवी, चुन्नू कांत, सुनील पासवान, अशोक उपाध्याय, सुभाष चंद्र सिन्हा, विनीत सिंह, मनोज साहू, नवीन सिन्हा, राजेश जायसवाल, सिकंदर हेंब्रम, सुरेश मंडल समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal