पत्रकार चंदन तिवारी हत्याकांड: अनुसंधानकर्ता की संलिप्तता की हो जांच।
दिवंगत पत्रकार के पिता की शिकायत पर JJA ने लिया संज्ञान।
चतरा: चतरा जिले के पत्थलगड्डा निवासी पत्रकार दिवंगत चंदन तिवारी की हत्या के मामले में अनुसंधान पर सवाल खड़े हो गए हैं। भारती श्रमजीव पत्रकार (बीएसपीएस) झारखंड इकाई झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (JJA) ने चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को पत्र सौंपा और पूरे मामले की डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराकर न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है।एसोसिएशन के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा है कि मृत पत्रकार के पिता रघुवीर तिवारी द्वारा अनुसंधानकर्ता की संलिप्तता को लेकर शिकायत की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अनुसंधानकर्ता द्वारा हत्या के आरोपी के पिता को ही गवाह बना दिया गया है, जिससे पूरे मामले में अनुसंधानकर्ता की निष्पक्षता संदिग्ध हो जाती है। एसोसिएशन संस्थापक ने आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी डीएसपी स्तर के अधिकारी से जांच कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और जांच की निष्पक्षता बनी रहे। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संगठन के संस्थापक समेत पत्रकारों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले को जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान संगठन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, चतरा जिला अध्यक्ष महेंद्र कुमार यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नवीन पांडेय, संजीत मिश्रा, मोकिम अंसारी, मोहम्मद रिजवान शामिल थे।
