औरंगाबाद: अनुग्रह इंटर विद्यालय (गेट स्कूल), औरंगाबाद के खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय अंडर-19 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को सेमीफाइनल के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंगेर और तिरहुत प्रमंडल की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता 4 से 6 नवंबर 2026 तक चल रही है।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल और मगध प्रमंडल की टीमें आमने-सामने हुईं। कड़े मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत हासिल की और फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल और भागलपुर प्रमंडल के बीच मुकाबला हुआ। इसमें मुंगेर प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 से भागलपुर को पराजित कर फाइनल का टिकट कटाया।
अब प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला शुक्रवार, 6 नवंबर को सुबह 9 बजे अनुग्रह इंटर विद्यालय (गेट स्कूल), औरंगाबाद के खेल मैदान में तिरहुत और मुंगेर प्रमंडल की टीमों के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में अपना पूरा दमखम दिखाएंगी।
सेमीफाइनल मुकाबलों के निष्पक्ष एवं सफल संचालन के लिए मैच अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पहले सेमीफाइनल में मुख्य रेफरी कैलाश कुमार, सहायक रेफरी सुमित कुमार सिंह एवं अमन कुमार तथा चतुर्थ अधिकारी आकाश कुमार रहे। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मुख्य रेफरी असफाक आलम, सहायक रेफरी संदीप कुमार एवं ऋषिकेश कुमार तथा चतुर्थ अधिकारी विनय रजक ने जिम्मेदारी निभाई।
उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों पटना, तिरहुत, सारण, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर एवं मगध के साथ एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की टीम के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पोर्ट ब्लेयर, अंडमान में प्रस्तावित है।
जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अब खेल प्रेमियों की निगाहें शुक्रवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां तिरहुत और मुंगेर की टीमें खिताबी जीत के लिए भिड़ेंगी।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
