Home » News Update » राकोमसं की बैठक में बीएंडके से आए दर्जनों कामगार शामिल।

राकोमसं की बैठक में बीएंडके से आए दर्जनों कामगार शामिल।

कथारा: राकोमसं कथारा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक 5 फरवरी को जारंगडीह स्थित यूनियन के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कथारा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष वकील अंसारी ने की, जबकि संचालन अशोक ओझा ने किया।

बैठक में मुख्य रूप से यूनियन के सीसीएल एवं कथारा क्षेत्रीय सचिव वरुण कुमार सिंह तथा बीएंडके क्षेत्रीय सचिव उदय प्रताप सिंह उर्फ कुट्टू सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान संजय सिंह एवं जानकी महतो के नेतृत्व में बीएंडके क्षेत्र से आए दर्जनों कामगारों ने राकोमसं की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सचिव वरुण कुमार सिंह ने कहा कि 90 वर्ष की उम्र में भी बीके श्रीवास्तव के जज्बे को वे सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 12 फरवरी को होने वाली संयुक्त मोर्चा की हड़ताल में राकोमसं पूरी मजबूती के साथ शामिल रहेगा। कोल इंडिया का राष्ट्रीयकरण पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा वर्ष 1971 और 1973 में किया गया था। पहले कोल इंडिया में साढ़े चार लाख मजदूर कार्यरत थे, जो आज घटकर डेढ़ लाख रह गए हैं। आज आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आज कोयला मजदूर डेढ़ लाख रुपये तक मासिक वेतन प्राप्त कर पा रहे हैं, जो कांग्रेस सरकार की देन है, लेकिन भाजपा सरकार इसे समाप्त करने का कुचक्र रच रही है। मजदूर हितों की रक्षा और इस साजिश पर रोक लगाने के लिए हड़ताल जरूरी है, इसलिए संगठन ने हड़ताल को समर्थन देने का निर्णय लिया है।

वरुण कुमार सिंह ने कहा कि आज यूनियन को अपना अस्तित्व बचाने और कोयला मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने खासमहल के एक कामगार की पदोन्नति से जुड़े अनुभव को साझा करते हुए कहा कि सीसीएल प्रबंधन मजदूरों की आवाज सुनने में विफल हो चुका है। असैनिक विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। मजदूरों के आवासों की मरम्मत, दरवाजा-खिड़की और समुचित जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी से आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि बीएंडके की कमिटी जल्द गठित की जाए तथा कथारा क्षेत्र में 27 फरवरी के बाद या होली के बाद रीजनल कमिटी की बैठक आयोजित की जाएगी।

वहीं, बीएंडके क्षेत्रीय सचिव उदय प्रताप सिंह उर्फ कुट्टू सिंह ने कहा कि संगठन में इतने जाबाज और कर्मठ साथियों का जुड़ना नेतृत्व की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे हर समय संगठन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि खासमहल यूनियन कार्यालय को जल्द खुलवाया जाएगा। वकील अंसारी और वरुण कुमार सिंह के बेहतर कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में मजदूर संगठन से जुड़ रहे हैं और आगे भी जुड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि वरुण बाबू की कार्यशैली अद्भुत है, वे मजदूर समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं।

बैठक को क्षेत्रीय सहायक सचिव अंजनी सिंह, योगेंद्र सोनार, अर्जुन राम, राजकुमार साव, बीके श्रीवास्तव, जानकी महतो, मो. सरफुद्दीन और संजय सिंह ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर ईश्वर मंडल, हरेंद्र सिंह, ब्रजेश सिंह, नौशाद खान, रिंटू सिंह, अरुण सिंह, संजय कुमार, अनिल सिंह, संजय तापादार, जाहिद अंसारी, मोचीराम खटाई सहित बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी एवं कामगार उपस्थित थे।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

क्या आप \"Live 11 News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal