कथारा: होली एवं रमजान पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कथारा ओपी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी राजेश प्रजापति ने की। इसमें सभी समुदायों के लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, ताकि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए थाना परिसर में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के लिए इफ्तार की व्यवस्था की गई। वहीं, होली पर्व के अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र में शांति और सद्भाव बना रहे।
इस अवसर पर अजय कुमार सिंह, दशरथ महतो, गुलाम रब्बानी, कलीम अंसारी, राजेन्द्र यादव, इकबाल अहमद, सुनिता सिंह, हेमु यादव, विजय यादव, समसुल हक, प्रदीप यादव, सराफत हुसैन व कई गणमान्य लोग उपस्थित हुए।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
