बोकारो (पिण्ड्राजोरा): जिलांतर्गत पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के चकोलिया गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद में एक सनकी पति ने अपनी 25 वर्षीया पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

घटना बीते 26 अप्रैल 2024 की है। जानकारी के अनुसार, चकुलिया निवासी विकास कुमार रजवार का अपनी पत्नी शानु देवी के साथ मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी विकास ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि पत्नी बार-बार मायके जाने की जिद कर रही थी, जिससे आक्रोशित होकर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल शानु देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पिण्ड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, चास भेज दिया।
मृतिका की मां, सवित्री देवी (निवासी बलाईटांड, धनबाद) के लिखित आवेदन पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया:
मामला दर्ज: पिण्ड्राजोरा थाना कांड संख्या-42/2026।
धाराएं: 103(1)/3(5) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज।
गिरफ्तारी: आरोपी विकास कुमार रजवार को पुलिस ने घटना के दिन ही धर दबोचा।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए निम्नलिखित सामान जप्त किए हैं:
खून से सनी एक कुल्हाड़ी (हत्या का मुख्य हथियार)।
घटनास्थल से बरामद खून लगा बेडशीट।
इस सफल कार्रवाई और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ पु०अ०नि० दिलीप टूडू, पु०अ०नि० कुणाल किशोर मौर्य, स०अ०नि० अजय कुमार पासवान एवं पिण्ड्राजोरा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
लाइव 11 न्यूज़ के लिए बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट।
