बेरमो: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी बोकारो ताप विद्युत केंद्र के सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक गरिमामय सेवानिवृत्ति विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से महाप्रबंधक (ओ एंड एम) मृत्युंजय प्रसाद एवं उप महाप्रबंधक (प्रशासन) बीजी होलकर तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारीगण संस्थान की रीढ़ होते हैं और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा “आप सभी ने अपनी सेवा के दौरान जो समर्पण, निष्ठा और परिश्रम किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। बोकारो ताप विद्युत केंद्र आपके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।” डीजीएम बी जी होलकर ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की सफलता में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा “आप सभी के अथक परिश्रम और अनुशासन ने संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद की है। आपकी कार्यशैली और अनुभव हमारे लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेंगे” समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले प्रयाग गोप, उमेश कुमार, शांति सामंता, प्रवीण कुमार सिंह एवं अनिल कुमार सिंह को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके सहयोगियों ने भी भावनात्मक शब्दों में उनके योगदान को याद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर मनीष चौधरी, सुनील महापात्रा, शिव कुमार ओझा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत होने वाले कार्मिकों के परिजन तथा मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए और संस्थान के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। समारोह का संचालन दीनानाथ शर्मा ने किया तथा कार्यक्रम का आयोजन अनुराग सिन्हा द्वारा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और कार्यक्रम का समापन उत्साह और आत्मीयता के साथ हुआ।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
