
Bigbreaking news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगलों में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आज एक बड़ा हादसा हो गया। छोटानागरा एवं जराईकेला थाना क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया। विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, लेकिन भारी दबाव के चलते नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विस्फोट की चपेट में आकर कोबरा 203 बटालियन के 1. एक्सएनसी/आरओआई विष्णु सेनी एवं झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल हेलीकॉप्टर के माध्यम से इलाज के लिए रांची भेजा गया।
इलाज के दौरान शहीद हुआ जवान
रांची में इलाज के दौरान झारखंड जगुआर के आरक्षी सुनील धान वीरगति को प्राप्त हो गए। वहीं कोबरा बटालियन के विष्णु सेनी की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
शहीद जवान को श्रद्धांजलि
झारखंड पुलिस एवं अभियान में शामिल संयुक्त बलों ने आरक्षी सुनील धान को उनकी वीरता और बलिदान के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की है। अधिकारी ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान अभी भी जारी है और नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
