मो शाहबान
चतरा: झारखंड प्रदेश NSUI के अध्यक्ष विनय उरांव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान NSUI ने स्पेशल जेनेरिक परीक्षा, हॉस्टल सुविधा, बस सेवा, छात्रसंघ चुनाव, और विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष अमन अहमद, संकेत सुमन, प्रदेश सचिव मो. हुसैन अंसारी, मनोहर साहू, VBU NSUI अध्यक्ष सचिन सक्सेना, अभिषेक राज, पूर्व अध्यक्ष लव कुश, रामगढ़ से धीरेंद्र कुमार, चतरा से मुन्ना यादव, विकास रावत, हर्षित चित्रांश, अनुज प्रजापति, नितेश यादव, अर्श खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
बैठक के बाद कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया कि NSUI प्रतिनिधिमंडल ने उनसे ठेका मांगने और गाली-गलौज करने की कोशिश की। इस बयान का खंडन करते हुए चतरा NSUI अध्यक्ष मुन्ना यादव ने मीडिया से कहा, कुलपति का आरोप निराधार है। अगर उनके पास कोई सबूत है, तो वे बैठक कक्ष का रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करें। NSUI ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रों की जायज मांगों को दबाने की कोशिश बताया।
NSUI का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित में तत्काल कदम उठाने चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस घटना ने हजारीबाग में छात्र राजनीति को गरमा दिया है, और आगे की स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हैं।
