चतरा: उपायुक्त कीर्तिश्री के निर्देश पर उत्पाद विभाग और वशिष्ठ नगर जोरी थाना की संयुक्त टीम ने सोमवार को कटैया गांव में एक पोल्ट्री फार्म की आड़ में चल रही अवैध शराब निर्माण की मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली शराब और कच्चा माल जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मुन्ना साव, छोटू साव और अशोक साव द्वारा संचालित इस फैक्ट्री में स्पिरिट में कृत्रिम कैरेमल और एसेंस मिलाकर नकली शराब तैयार की जा रही थी। इसे ब्रांडेड बोतलों में भरकर नकली लेबल और होलोग्राम के साथ बाजार में बेचने की योजना थी।
जब्त सामग्री में 598 बोतलें नकली विदेशी शराब लगभग 291.015 लीटर, 20 लीटर तैयार नकली रंगीन शराब, 90 लीटर स्पिरिट, 8 पीएम व्हिस्की और आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की के नकली लेबल, नकली होलोग्राम और शराब पैकिंग उपकरण बरामद किया गया।
उत्पाद अधीक्षक, चतरा ने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान चला रहा है, और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
छापामारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद आशीष कुमार पांडेय, अभिषेक आनंद, उत्पाद आरक्षी दल, गृहरक्षक बल, महिला गृह रक्षक और वशिष्ठ नगर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।
मो शाहबान की रिपोर्ट,
