चतरा: समाहरणालय परिसर, चतरा से उपायुक्त कीर्तिश्री ने बुधवार को खरीफ 2025 के अंतर्गत बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रथ का उद्देश्य जिले के सभी प्रखंडों में भ्रमण कर किसानों को फसल बीमा योजना की जानकारी देना है, ताकि वे समय पर अपनी फसलों का बीमा करवा सकें और प्राकृतिक आपदाओं या अन्य कारणों से फसल नुकसान होने पर उचित मुआवजा प्राप्त कर सकें।
उपायुक्त ने कहा कि यह योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि खरीफ 2025 के लिए बीमित राशि भदई मकई (मक्का) के लिए ₹48,300 प्रति हेक्टेयर और अगहनी धान के लिए ₹63,525 प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है।
उन्होंने जिला सहकारिता पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, सहायक निबंधक सहयोग समितियां और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उपायुक्त ने जोर देकर कहा कि यह योजना किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जिला सहकारिता पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, सहायक निबंधक सहयोग समितियां, संबंधित विभागों के कर्मी और कृषक मित्र मौजूद थे। सभी ने योजना की सफलता के लिए संकल्प लिया।
