Ranchi : झारखंड सरकार के खेल एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें रांची के पारस एचईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि रातभर एयर कंडीशनर में सोने के कारण उन्हें कफ की शिकायत हुई और उनका ब्लड प्रेशर भी कम हो गया। हालांकि डॉक्टरों ने उनकी हालत को स्थिर बताया है और फिलहाल किसी गंभीर खतरे की बात नहीं कही गई है। बता दें कि मंत्री हफीजुल हसन की हाल ही में ओपन हार्ट सर्जरी भी हुई थी, जिससे उनकी सेहत पहले से ही संवेदनशील बनी हुई थी।
CM हेमंत सोरेन पहुंचे अस्पताल, लिया हालचाल
मंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही CM हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली। CM के साथ राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे, जिनमें स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और संजय यादव शामिल थे। सभी नेताओं ने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मंत्री की तबीयत को लेकर आम जनता और उनके समर्थकों में चिंता का माहौल है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मंत्री को आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। झारखंड सरकार के मंत्री की तबीयत बिगड़ने की खबर ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि राहत की बात यह है कि उनकी हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों की टीम पूरी तरह सतर्क है।
