मो शाहबान
हंटरगंज (चतरा): हंटरगंज थाना पुलिस ने अवैध बालू तस्करी और चौकीदार पर हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू कुमार को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
मामला मंगलवार सुबह का है, जब हंटरगंज थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत अंतर्गत खुटिकेवाल नदी से अवैध रूप से बालू उठाए जाने की सूचना अंचल अधिकारी रितिक कुमार को मिली। सूचना के सत्यापन के लिए सीओ अपने गार्ड के साथ मौके पर पहुंचे और बालू से लदे एक ट्रैक्टर को रोका। चालक से कागजात मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। दो चौकीदारों को ट्रैक्टर पर बैठाकर उसे थाने लाया जा रहा था।
इसी दौरान ट्रैक्टर मालिक सोनू कुमार 25 वर्ष, पिता अनुज यादव, निवासी खुटिकेवा मौके पर पहुंचा और चालक को हटाकर स्वयं ट्रैक्टर चलाने लगा। भागने के इरादे से उसने ट्रैक्टर को तेज गति से चलाया और इमलियाटाड़ बाजार के पास हाइड्रोलिक से ट्राली को उठा दिया, जिससे ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चौकीदार योगेंद्र कुमार गंझू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका पैर टूट गया। वर्तमान में उनका इलाज रिम्स में चल रहा है।
अंचल अधिकारी ने हंटरगंज थाना में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार देर शाम मुख्य आरोपी सोनू कुमार को गोसाईडीह के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम शामिल थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार प्रसाद, जिला बल के जवान है।
