चतरा:झारखंड शिक्षा परियोजना चतरा के समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में विकास भवन स्थित जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी सह क्विज़ कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। जिले के सभी प्रखंडों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
कार्यक्रम में कुल 100 नवाचार मॉडल की प्रदर्शनी लगाई गई, जो विद्यार्थियों के अभिनव विचारों का प्रतीक बने। इसके अलावा, 41 होनहार विद्यार्थियों ने विज्ञान क्विज़ प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस बार क्विज़ को प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑडियो-वीडियो फॉर्मेट में प्रस्तुत किया गया, जिसने प्रतिभागियों और सहयोगी शिक्षकों को एक रोचक और आनंददायक अनुभव प्रदान किया।
बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त कीर्तिश्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उनका स्वागत जिला शिक्षा पदाधिकारी चतरा दिनेश कुमार मिश्रा द्वारा पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी अम्बुज्य राज लक्ष्मी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश पाण्डेय तथा प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राहुल कुमार भी उपस्थित रहे।
