उत्पादन लक्ष्य हासिल करने को दिए निर्देश, नई परियोजना पर तेजी से काम जारी
बेरमो: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नीलेंदु कुमार सिंह मंगलवार को कथारा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने कथारा, जारंगडीह, स्वांग गोविंदपुर फेस-2 कोलियरी और कथारा वाशरी का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय कुमार सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के पश्चात सीएमडी ने विश्वास जताया कि इस वित्तीय वर्ष कथारा क्षेत्र पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच का निर्धारित लक्ष्य हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि कथारा क्षेत्र का प्रदर्शन निरंतर बेहतर हो रहा है और कंपनी इसके उज्जवल भविष्य को लेकर आश्वस्त है।
सीएमडी ने कथारा वाशरी में प्रतिदिन वाश कोल उत्पादन को 2200 टन से बढ़ाकर 3000 टन करने का निर्देश दिया। वहीं, न्यू कथारा वाशरी के निर्माण हेतु तीन महीने के भीतर कोल स्टॉक खाली करने और एक महीने में स्क्रैप यार्ड स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि स्वांग पिपराडीह नई परियोजना पर तेजी से कार्य जारी है। अब तक 90 प्रतिशत भूमि प्रमाणीकरण (लैंड ऑथेंटिकेशन) कार्य पूरा हो चुका है। वन (फॉरेस्ट) और पर्यावरण स्वीकृति (एनवायरनमेंट क्लीयरेंस) प्राप्त होते ही यह परियोजना दिसंबर 2026 तक शुरू कर दी जाएगी।
सीएमडी ने कहा कि सीसीएल न केवल कोयला उत्पादन में अग्रणी है बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से कथारा क्षेत्र को सभी आवश्यक संसाधन और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि उत्पादन लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जा सके।
बैठक में क्षेत्रीय अधिकारी विपिन कुमार, संजय कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार, प्रबीर कुमार सेनगुप्ता, ए.के. तिवारी, कृष्ण मुरारी सहित यूनियन प्रतिनिधि सर्वजीत कुमार पांडे एवं एम.एन. सिंह उपस्थित रहे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
