गिरिडीह — गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से बीते 18 नवंबर को रीना देवी के घर से चोरी हुई स्कॉर्पियो (JH10BK-0365) के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी व मानवीय सहयोग से छापेमारी कर वैशाली व मुंगेर (बिहार) समेत अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस अधीक्षक डाॅ विमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जिसने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापामारी कर अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार अभियुक्तों में संदीप कुमार सिन्हा (गिरिडीह), गुरुशरण उर्फ मुन्ना (मुंगेर, बिहार), सुभाष कुमार सिंह (वैशाली, बिहार), अमित कुमार (वैशाली, बिहार) और राहुल कुमार (वैशाली, बिहार) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (BR33M-2792) को जप्त किया है। इसके अलावा एक संदिग्ध स्कॉर्पियो S3 वाहन महुआ थाना क्षेत्र (वैशाली) से बरामद कर जांच कर रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी किए गए वाहनों के इंजन और चेचीस नंबर में बदलाव कर उन्हें अवैध कार्यों जैसे गांजा और शराब की तस्करी में इस्तेमाल करता था। इस गिरोह का मास्टरमाइंड सुभाष कुमार सिंह पहले से कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।
वंही पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से वाहन चालान और पंजीयन से छेड़छाड़ में उपयोग किए जाने वाले औजार, विभिन्न RC कार्ड, डुप्लीकेट चाबियां, ग्राइंडर मशीन, ड्रील मशीन और वायर कटर आदि को बरामद कर जब्त किया हैं।
इस अभियान में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह, प्रभाग निरीक्षक ममता कुमारी, रविन्द्र कुमार सिंह, विजय मंडल, तकनीकी शाखा के जोधन महतो, राजेश गोप, शशिभूषण प्रसाद समेत पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।
