झारखंड विधानसभा: मिटी यूनिवर्सिटी झारखण्ड, रांची के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के 22 विद्यार्थियों और 4 सहायक प्राध्यापकों ने आज झारखण्ड विधानसभा के शीतकालीन सत्र का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया, विधायी कार्यवाही तथा मीडिया और विधान के संबंधों को समझने का एक महत्त्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।

इस भ्रमण में विभाग से डॉ. संतोष कुमार, डॉ. प्रतिभा रानी, डॉ. रूपक कुमार, एवं श्री सुमित रोहित सहायक प्राध्यापक के रूप में उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर इस विशेष शैक्षणिक गतिविधि का नेतृत्व किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने माननीय विधानसभा अध्यक्ष महोदय को उनका हस्त-निर्मित फ्रेम किया हुआ स्केच स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया। माननीय अध्यक्ष महोदय ने अत्यंत सद्भावपूर्ण ढंग से विद्यार्थियों से संवाद किया और लोकतंत्र की मूल भावना, विधान सभा के संचालन की गरिमा, तथा सत्ता और विपक्ष—दोनों पक्षों को समान अवसर प्रदान करने की अनिवार्यता पर विस्तृत प्रकाश डाला।
उन्होंने मीडिया की भूमिका को लोकतंत्र का आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि सशक्त, तथ्यपरक और जिम्मेदार मीडिया ही समाज को सही दिशा प्रदान करता है। साथ ही, अध्यक्ष महोदय ने एमिटी यूनिवर्सिटी झारखण्ड के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
विद्यार्थियों ने विधान सभा की कार्यवाही को करीब से देखते हुए यह अनुभव किया कि लोकतांत्रिक संस्थाएँ किस प्रकार संवाद, विचार-विमर्श और संवैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से संचालित होती हैं। यह अनुभव आने वाले समय में उन्हें बेहतर पत्रकार और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।
आज का दिन इन नवोदित पत्रकारों और भविष्य के नीति-निर्माताओं के लिए अविस्मरणीय और अत्यंत समृद्धकारी अनुभव के रूप में दर्ज हुआ।
