बोकारो: उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों में अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय अभियुक्तों के लिए 14 दिसम्बर की रात आफ़त की रात साबित हुई। अपराध विरोधी अभियान के तहत उत्तरी छोटानागपुर जोन, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक,द्वारा प्रक्षेत्र के सभी जिलों में विभिन्न अपराध के अभियुक्तों/वारंटियों/फिरारियों के विरूद्ध समकालीन अभियान चलाने हेतु जारी निर्देश के आलोक में 14 दिसम्बर की रात्रि को सघन छापामारी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल-59 अभियुक्तों की गिरफ्तारी अमल में आई, साथ ही 282 वारंट तथा 05 कुर्की जब्ती मामले का निष्पादन किया गया।
पुलिस प्रशासन के आला सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां हजारीबाग ज़िला में हुई है। पुलिस ने हजारीबाग से अलग अलग श्रेणी के अपराध में अभियुक कुल 34 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है, जबकि सबसे कम रामगढ़ ज़िला में सिर्फ़ एक अभियुक्त की गिरफ्तारी अमल में आई है। इसके अलावा उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र में शामिल चतरा से 8, बोकारो से 7, कोडरमा से 6 और धनबाद से 3 अभियुक्तों को धर दबोचा गया है। बताया गया है उत्तरी छोटानागपुर जोन में अपराध नियंत्रण की दिशा में इस तरह की समकालीन कार्रवाई आगे भी रहेगी। इधर अपराध के विरुद्ध पुलिसिया कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के दरमियान हड़कंप का माहौल है और पुलिस प्रशासन के एक्शन व गिरफ्तारी से बचने के लिए सुरक्षित पाना गांव की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं।
