कथारा बीटीपीएस मोड़ पर सड़क हादसा, चार चक्का वाहन की टक्कर से हाइवा चालक की मौत
कथारा: मंगलवार की देर शाम कथारा बीटीपीएस मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार चार चक्का वाहन (संख्या JH09BE-9732) की टक्कर से हाइवा चालक शंकर मुंडा (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शंकर मुंडा को सीसीएल कथारा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बोकारो स्थित मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक शंकर मुंडा कथारा क्षेत्र के असनापनी के निवासी थे और पेशे से हाइवा चालक थे। बताया जा रहा है कि वे सड़क किनारे अपना हाइवा खड़ा कर नीचे उतरे ही थे, इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही चार चक्का वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार चक्का वाहन चालक का नाम विशाल बताया जा रहा है, जिसकी मां सीसीएल में कार्यरत हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं बुधवार को मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर कथारा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव एवं कथारा ओपी थाना प्रभारी राजेश प्रजापति दलबल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर वार्ता की। सहमति बनने के बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात बहाल किया गया।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
