कथारा: सीसीएल कथारा क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार के समक्ष खनिक प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर शुक्रवार 9 जनवरी को क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय कुमार ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाप्रबंधक संजय कुमार ने विभागाध्यक्ष असैनिक संजय सिंह को निर्देश देते हुए कहा कि खनिक प्रतिमा को महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने स्थापित किया जाए और कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए, ताकि आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से यह भी निर्देश दिया कि स्थापित की जाने वाली खनिक प्रतिमा से मुख्य द्वार के सामने पहले से स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा किसी भी रूप में प्रभावित न हो। यदि आवश्यकता पड़े तो भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की ऊंचाई और बढ़ाई जाए, ताकि दोनों प्रतिमाएं चारों दिशाओं से आकर्षक और भव्य दिखाई दें।
निरीक्षण के क्रम में विभागाध्यक्ष असैनिक संजय सिंह ने महाप्रबंधक को आश्वस्त किया कि खनिक प्रतिमा उनकी मंशा के अनुरूप, आकर्षक एवं गरिमामय स्वरूप में स्थापित की जाएगी।
इस मौके पर विभागाध्यक्ष असैनिक संजय सिंह के अलावा उप प्रबंधक असैनिक मो. फिरदौस, अभियंता सहायक कृष्ण मोहन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
