टंडवा में कोयला वाहनों से हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल का सख्त रुख
कामेश्वर गुप्ता
टंडवा :सिमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड टंडवा में भारी कोयला वाहनों के अनियंत्रित परिचालन से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सिमरिया के लोकप्रिय विधायक कुमार उज्जवल ने झारखंड विधानसभा में जोरदार आवाज उठाई है। विधायक ने इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर तत्काल जाँच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।विधायक कुमार उज्जवल ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि टंडवा क्षेत्र में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की लापरवाही और नियमों की खुलेआम अनदेखी के कारण अब तक कई निर्दोष लोगों की असमय जान जा चुकी है। इससे पूरे क्षेत्र में भय, आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कुमार उज्जवल ने मांग की है कि इस विषय पर विधानसभा की संबंधित कमिटी की बैठक बुलाकर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जाँच कराई जाए तथा दोषी कोयला वाहन संचालकों, ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। विधायक ने यह भी दोहराया कि वे हमेशा से क्षेत्र की जनता की सुरक्षा, अधिकार और जीवन की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे हैं और आगे भी इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रहेगी। उनके इस कदम से स्थानीय लोगों में भरोसा जगा है कि अब टंडवा की सड़कों पर मौत का तांडव करने वाले कोयला माफियाओं पर शिकंजा कसा जाएगा।
स्थानीय जनता और सामाजिक संगठनों ने विधायक कुमार उज्जवल की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक साहसिक और आवश्यक कदम बताया है।
