हथिया पत्थर मेला में विधि व्यवस्था को लेकर बेरमो एसडीएम, डीएसपी,पेटरवार अंचल अधिकारी, पेटरवार थाना प्रभारी एवं बेरमो थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, मेला समिति को दिए निर्देश
कल लगेगा हथिया पत्थर धाम में भव्य मेला

बेरमो: पिछरी स्थित हथिया पत्थर धाम में 14 जनवरी को लगने वाला मकर संक्रांति मेला अब केवल स्थानीय आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह झारखण्ड की पहचान बन चुका है.हर वर्ष इस मेले में राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी हजारों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं.
मेले को लेकर विधि-व्यवस्था की तैयारी तेज कर दी गई है.इसी क्रम में बेरमो एसडीएम, डीएसपी,पेटरवार के अंचल अधिकारी, पेटरवार थाना प्रभारी एवं बेरमो थाना प्रभारी ने दलबल के साथ हथिया पत्थर धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मेला समिति के सदस्यों से मुलाकात कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात एवं आपात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेले की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी. वहीं, मेला परिसर और आसपास के इलाकों में जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी ताकि मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.यातायात व्यवस्था के तहत मेला के दिन फुसरो से तांतरी मोड़ तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का संगम बना यह हथिया पत्थर मेला आज झारखण्ड की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है.
