गिरिडीह: नगर निगम चुनाव 2026 के तहत महापौर पद के लिए हुए मतगणना में झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित प्रत्याशी प्रमिला मेहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 38091 मत हासिल कर निर्णायक जीत दर्ज की है। प्राप्त सरकारी सूचना के आंकड़ों के अनुसार उन्होंने मतगणना के सभी चक्रों में बढ़त बनाए रखी और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से पीछे रखा। वंही उनके मुख्य निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा समर्थित डॉक्टर शैलेंद्र चौधरी को कुल 23492 मत मिले। 
वंही इस मौके पर चुनाव परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर खुशी का इजहार किया।
अपनी जीत पर प्रमिला मेहरा ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत गिरिडीह की जनता की जीत है। उन्होंने शहर के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
गिरिडीह नगर निगम के इस चुनाव में कुल 85075 मत वैध पाए गए। वंही प्रमिला मेहरा की इस बड़ी जीत को न केवल नगर निगम राजनीति बल्कि एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में भी देखा जा रहा है।
