बेरमो (राजेश सागर): विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के सभी संयंत्रों में 16 मई से 31 मई 2026 तक ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को डीवीसी बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) के प्रशासनिक भवन में अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह पूरा कार्यक्रम मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख श्री सुशील कुमार अर्जरिया के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
दीप प्रज्वलन और संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी को राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और एक स्वच्छ व हरित भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान डीवीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों और सीआईएसएफ (CISF) कर्मियों सहित लगभग 100 लोगों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के अनुरूप सभी ने अपने घर, कार्यस्थल, गांव और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रतिवर्ष कम से कम 100 घंटे श्रमदान करने का संकल्प दोहराया।
हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी का क्रेज
जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए उद्घाटन सत्र के दौरान एक विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी की प्रतिबद्धता जताई। इसके अलावा, स्वच्छता का संदेश फैलाते हुए प्रतिभागियों ने विशेष रूप से तैयार किए गए सेल्फी स्टैंड पर तस्वीरें लीं और सोशल मीडिया के माध्यम से दूसरों से भी इसे एक सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की।
31 मई तक चलेंगे कई जागरूकता कार्यक्रम
बीटीपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के नोडल अधिकारी श्री मो. उमैर रशीद ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 31 मई 2026 तक संयंत्र परिसर, आवासीय कॉलोनियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, सघन सफाई अभियान और सामुदायिक सहभागिता की गतिविधियां चलाई जाएंगी, ताकि समाज के हर वर्ग तक स्वच्छता और पर्यावरणीय शुद्धि का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
