पिपरा पलामू से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत पीपरा थाना क्षेत्र के मसूरिया गांव में दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंकज कुमार उम्र 27 वर्ष, पिता स्वर्गीय जगु यादव, निवासी रजवारी थाना औरंगाबाद जिला औरंगाबाद ने अपनी बहन रूपा कुमारी की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस के समक्ष फर्द बयान दर्ज कराया। बयान में आरोप लगाया गया कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। वादी ने बताया कि 24 मई 2026 को रूपा कुमारी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए एमएमसीएच पलामू ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बहन की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतका के पति अरबिंद कुमार यादव पिता परमेश्वरी यादव सहित चार अन्य नामजद आरोपियों के विरुद्ध दहेज प्रताड़ना एवं दहेज हत्या सहित सुसंगत धाराओं में कांड दर्ज किया है। सभी आरोपी मसूरिया गांव, थाना पीपरा, जिला पलामू के निवासी बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। थाना के एसआई नकुल शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति अरबिंद कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दहेज उत्पीड़न एवं महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
