तेनुघाट: बेरमो अनुमंडल में प्रशासनिक फेरबदल के तहत झारखंड प्रशासनिक सेवा के द्वितीय बैच के अधिकारी मनोज कुमार ने नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान एसडीओ मुकेश मछुवा ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद मनोज कुमार ने कहा कि वे अनुशासन, पारदर्शिता और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अनुमंडल के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा ने बेरमो अनुमंडल में लगभग 1 वर्ष 8 माह तक अपनी सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ जनहित से जुड़े मामलों के निष्पादन में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया।
नए एसडीओ के पदभार ग्रहण करने के साथ ही अनुमंडल प्रशासन में नई ऊर्जा और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मनोज कुमार का स्वागत करते हुए उनसे क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान की अपेक्षा व्यक्त की है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
