तेनुघाट: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तेनुघाट ओपी परिसर में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तेनुघाट ओपी के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासन कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा नियमित योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना था।
मौके पर तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग करना चाहिए। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति ऊर्जावान बना रहता है।
उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित भी बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आम लोगों से भी नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया। योग दिवस के अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।
