जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क- उपायुक्त, बोकारो..
बोकारो: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर जिले के उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त रूप से जिले के केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 सेक्टर-4 एवं अपग्रेडेड राजकीयकृत प्लस 2 हाई स्कूल लकराखंदा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही पूरी कर ली गई थीं तथा परीक्षा अवधि के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, जिससे परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क-
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से भी बातचीत की तथा उन्हें प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी दी। परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा संपन्न होते देख अभिभावकों ने संतोष व्यक्त किया।
जिला अंतर्गत सभी आठ परीक्षा केंद्रों के कुल 2886 परीक्षार्थियों में से 2655 परीक्षार्थी उपस्थित पाए गए जबकि 231 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
