बेरमो: राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह 2026 के तहत कोनार सबस्टेशन में 26 जून से 2 जुलाई 2026 तक चल रहे सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में मंगलवार को स्वास्थ्य जांच सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उपकेन्द्र से जुड़े कर्मियों को विद्युत के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा के गुर भी सिखाए जा रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ उप प्रबंधक (विद्युत) अरुण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विद्युत क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा उतनी ही जरूरी है जितनी तकनीकी सुरक्षा। सुरक्षित कार्यप्रणाली के साथ-साथ स्वस्थ शरीर भी जरूरी है। कोनार डिस्पेंसरी के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बैजनाथ मंडल ने शिविर में 40 कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बीपी, शुगर, वजन सहित सामान्य जांच की गई। डॉ. मंडल ने औद्योगिक कर्मियों में होने वाली आम बीमारियों जैसे हाई बीपी, शुगर, कमर दर्द, त्वचा रोग और सांस संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कार्यस्थल पर साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता रखने की सलाह दी।
कार्यस्थल पर कोई दुर्घटना होने पर प्राथमिक उपचार कैसे करें, इसकी जानकारी कर्मियों को दी गई। डॉ. मंडल ने खुद CPR का डेमो देकर कर्मियों को बताया कि हार्ट अटैक या करंट लगने की स्थिति में तुरंत कैसे मदद की जाए। इसके बाद सभी कर्मियों से CPR का अभ्यास भी करवाया गया। उन्होंने कहा कि सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी की जान बचा सकता है।
सहायक प्रबंधक (वि) दीनानाथ प्रसाद के आग्रह पर कोनार के सीएसआर प्रमुख सुनील कुमार और मैनेजर (वि) चंदन कुमार ने भी शिविर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अपना स्वास्थ्य जांच करवाकर कर्मियों का उत्साह बढ़ाया। दीनानाथ प्रसाद ने कहा कि स्वस्थ कर्मी ही सुरक्षित सबस्टेशन चला सकते हैं।
सीएसआर के सौजन्य से शिविर में कर्मियों को आवश्यकता अनुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। दर्द, बुखार, एलर्जी और गैस की दवाओं के साथ विटामिन की गोलियां भी दी गईं।
स्वास्थ्य जांच कराने वाले कर्मियों में मो. इकबाल, सरजू महतो, मीठु गंजू, उत्तम कुमार, परमेश्वर गंजू, द्वारका महतो, प्रदीप कुमार, रौशन सिंह, हरिलाल महतो, बबलू बर्णवाल समेत कई अन्य कर्मी शामिल थे। सभी ने स्वास्थ्य शिविर को उपयोगी बताया l
राष्ट्रीय विद्युत सुरक्षा सप्ताह के तहत 1 जुलाई 2026 को बोकारो थर्मल के केंद्रीय औद्योगिक बल के अग्निशमन दस्ते द्वारा कर्मियों को आग से बचाव और अग्निशमन के गुर सिखाए जाएंगे।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
